वाराणसी: सर्दियों की शुरुआत के साथ ही धार्मिक नगरी काशी में विदेशी प्रवासी पक्षियों का आना शुरू हो गया है। साइबेरिया और आसपास के ठंडे इलाकों से हजारों किलोमीटर का सफर तय कर ये पक्षी गंगा के घाटों पर पहुंच रहे हैं। गंगा की लहरों पर तैरते और आसमान में झुंड बनाकर उड़ते इन पक्षियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग घाटों पर पहुंच रहे हैं।
यह भी पढ़ें : ‘मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं…’, अर्जुन मुंडा ने साझा किया दर्द
गंगा के घाटों पर दिखने लगे विदेशी पक्षी
अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट, अहिल्याबाई घाट और नमो घाट समेत कई गंगा घाटों पर सुबह के समय इन पक्षियों की चहचहाहट सुनाई दे रही है। लोग इनकी खूबसूरत तस्वीरें खींच रहे हैं और सेल्फी भी ले रहे हैं।
नौका विहार करने वाले पर्यटकों के लिए भी ये पक्षी खास आकर्षण बने हुए हैं। नावों के आसपास तैरते और उड़ते पक्षियों के झुंड गंगा की खूबसूरती को और बढ़ा रहे हैं।
चार महीने तक काशी में रहता है इनका डेरा
जानकारी के अनुसार, ये प्रवासी पक्षी हर साल नवंबर से फरवरी के अंत तक काशी और आसपास के गंगा तटीय इलाकों में रहते हैं। साइबेरिया और आसपास के क्षेत्रों में सर्दी बढ़ने और झीलों के जम जाने के कारण वहां भोजन की कमी हो जाती है। ऐसे में ये पक्षी भोजन और अनुकूल मौसम की तलाश में हजारों किलोमीटर की यात्रा कर काशी पहुंचते हैं।
पक्षी विशेषज्ञों के मुताबिक, ये पक्षी करीब 4 हजार किलोमीटर की दूरी तय करके यहां आते हैं। नवंबर के दूसरे सप्ताह से इनका आगमन शुरू हो जाता है।
ठंड बढ़ने के साथ बढ़ेगी पक्षियों की संख्या
अहिल्याबाई घाट के नाविक पप्पू साहनी के अनुसार, काशी और प्रयागराज के गंगा तटीय इलाके इन पक्षियों के रहने के लिए अनुकूल हैं। हर साल सर्दियों में ये यहां पहुंचते हैं। फिलहाल इनकी संख्या कम है, लेकिन ठंड बढ़ने के साथ इनकी संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।
ब्रेड और नमकीन खिलाना पड़ सकता है भारी
बीएचयू में जन्तु विज्ञान के परास्नातक छात्र आकाश कुमार ने बताया कि कई लोग इन प्रवासी पक्षियों को ब्रेड, नमकीन और लाई खिलाते हैं। इस तरह का भोजन पक्षियों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि पक्षियों को इस तरह के खाद्य पदार्थ न खिलाएं। उनके प्राकृतिक भोजन और रहने की जगह को सुरक्षित रखने में सहयोग करें।
सर्दियों में काशी के पर्यटन को मिलता है नया आकर्षण
साइबेरिया से आने वाले इन विदेशी मेहमानों के कारण सर्दियों में काशी की खूबसूरती और बढ़ जाती है। गंगा की लहरें, उगते सूरज की लालिमा और आसमान में उड़ते पक्षियों के झुंड पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं।
फरवरी के अंत तक मौसम गर्म होने पर ये पक्षी अपने बच्चों के साथ वापस अपने मूल क्षेत्रों की ओर लौट जाते हैं।




