वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को धार्मिक नगरी काशी में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। लाखों श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयकारों के बीच मां गंगा में पवित्र स्नान किया। इसके बाद लोगों ने घाटों पर दीपदान, अर्घ्यदान और दान-पुण्य किया। मंदिरों में भी दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
Read more : लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, चार मासूमों की गई जान
भोर चार बजे से शुरू हुआ गंगा स्नान
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना सोमवार देर रात से ही शुरू हो गया था। मंगलवार सुबह करीब चार बजे से विभिन्न घाटों पर स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। दशाश्वमेध और पंचगंगा घाट पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। महिलाओं और पुरुषों ने समूह में गंगा स्नान कर दीपदान और अर्घ्यदान किया।
सभी प्रमुख घाटों पर रही श्रद्धालुओं की भीड़
दशाश्वमेध और पंचगंगा घाट के अलावा अस्सी, भदैनी, शीतला, अहिल्याबाई, केदार, भैंसासुर, सामनेघाट और रविदास घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गंगा पार रामनगर बलुआघाट और रेती क्षेत्र में भी स्नान के लिए लोगों की भीड़ रही।
सुरक्षा के लिए रात से ही तैनात रही पुलिस
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस अधिकारी और जवान रात दो बजे से ही घाटों पर तैनात रहे। दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने जल पुलिस के जवानों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।
भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया था। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने में जुटे रहे।
कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान का विशेष महत्व
सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा के स्नान और दान का विशेष महत्व माना जाता है। इसे त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान और दान-पुण्य करने से विशेष पुण्य मिलता है। मान्यता है कि गंगा नदी या तुलसी के पास दीप जलाने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं। कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही पूरे कार्तिक मास में चलने वाले गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों का समापन भी होता है।




