कन्नौज । लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 210 के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूली बच्चों से भरी बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस आगरा से पिकनिक मनाकर वापस लौट रही थी। सुबह करीब 6:30 बजे बच्चों को टॉयलेट कराने के लिए चालक ने बस एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई सीटें उखड़ गईं। कई बच्चे बस के अंदर फंस गए।
पुलिस ने चलाया राहत और बचाव अभियान
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और राहगीरों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बच्चों को बस से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान आर्यन चौरसिया (14), रजिउल्लाह (16), जैद मिर्जा (17) और अरमान (17) के रूप में हुई है। हादसे में स्कूल प्रबंधक सलमान और एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
ताजमहल देखकर लौट रहे थे बच्चे
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, बस में करीब 50 बच्चे, शिक्षक और अन्य कर्मचारी सवार थे। सभी आगरा में ताजमहल देखने गए थे और वहां से कौशांबी लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
वहीं, सुरक्षित बचे बच्चों को दूसरी गाड़ी से कौशांबी भेजने की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




