सारण । कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रिविलगंज के सरयू नदी तट पर आयोजित गोदना-सेमरिया नहान मेले में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान और दीपदान करने के लिए घाटों पर पहुंचने लगे।
मेले में सबसे अधिक आकर्षण सदियों पुरानी कोसी भराई की परंपरा और पारंपरिक लौंडा नाच बना हुआ है। रात में सरयू तट पर दीपों और गन्ने से बने मंडपों के बीच महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से कोसी भरी और अपनी मन्नतें पूरी होने की खुशी मनाई।
मन्नत पूरी होने पर निभाई जाती है कोसी भराई की परंपरा
स्थानीय मान्यता के अनुसार, संतान प्राप्ति, विवाह या अन्य मनोकामना पूरी होने पर श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा के दिन सरयू नदी के किनारे कोसी भरते हैं। इस दौरान साड़ी के आंचल पर नर्तक से पारंपरिक नृत्य भी कराया जाता है। इसे स्थानीय भाषा में आंचल पर नचवाना कहा जाता है।
मेले में पूजा करने पहुंचीं श्रद्धालु रेणु सिंह ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू में स्नान और कोसी भराई का विशेष महत्व है। शादी या संतान सुख की मन्नत पूरी होने पर परिवार के लोग श्रद्धा के साथ यह परंपरा निभाते हैं।
लोक नृत्य और संगीत ने बढ़ाई मेले की रौनक
मेले में पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकार ढोलक और झाल की थाप पर नृत्य प्रस्तुत कर रहे हैं। सिमरिया से आईं कलाकार काजल ने बताया कि वह बचपन से इस परंपरा से जुड़ी हैं। श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी होने पर स्वेच्छा से कलाकारों से नृत्य करवाते हैं और नेग के रूप में 10, 20, 50 या 100 रुपये देते हैं।
सुरक्षा के लिए प्रशासन ने किए इंतजाम
मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से घाटों पर बैरिकेडिंग, रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। लोकगीतों, ढोल-नगाड़ों और श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा सरयू तट भक्तिमय बना हुआ है। गोदना-सेमरिया मेला एक बार फिर क्षेत्र की पुरानी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर रहा है।




