रांची: झारखंड में मंगलवार सुबह अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए। राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में धरती हिलने से लोगों में डर का माहौल बन गया। सुबह करीब 7:02 बजे आए झटकों के बाद लोग अपने घरों और अपार्टमेंट से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए। हालांकि, राहत की बात है कि अभी तक राज्य में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.4 मापी गई। इसका केंद्र नेपाल के कोशी प्रदेश में लेलेप से करीब नौ किलोमीटर दूर जमीन के अंदर बताया गया है।
रांची में घरों से बाहर निकले लोग
राजधानी रांची में सुबह अचानक धरती हिलने से लोग घबरा गए। घरों और अपार्टमेंट में कंपन महसूस होने के बाद लोग एहतियात के तौर पर बाहर निकल आए। कुछ देर तक लोगों के बीच भूकंप को लेकर चर्चा होती रही। लोगों ने फोन कर अपने रिश्तेदारों और परिचितों का हाल भी जाना।
नेपाल में था भूकंप का केंद्र
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रदेश में था। इसके झटके नेपाल के अलावा भारत, बांग्लादेश, भूटान और चीन के सीमावर्ती इलाकों में भी महसूस किए गए। भारत में बिहार और झारखंड के कई क्षेत्रों में लोगों ने कंपन महसूस किया।
झारखंड और बिहार में नुकसान की खबर नहीं
भूकंप की तीव्रता 5.4 होने के कारण कई इलाकों में धरती में कंपन महसूस किया गया। हालांकि, झारखंड और बिहार समेत प्रभावित भारतीय क्षेत्रों से अभी तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर नहीं मिली है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।




