रांची: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) झारखंड में अपना संगठनात्मक ढांचा बदलने की तैयारी कर रहा है। अगले साल हिंदी चैत्र नववर्ष से राज्य में प्रांत व्यवस्था खत्म कर प्रदेश व्यवस्था लागू की जा सकती है। नई व्यवस्था के तहत पूरे झारखंड को तीन संभागों में बांटा जाएगा। इनमें रांची, हजारीबाग और देवघर संभाग शामिल होंगे। प्रत्येक संभाग में आठ-आठ जिले रखे जाएंगे।
Read more : रांची समेत कई जिलों में कांपी धरती, 5.4 तीव्रता का भूकंप
नई व्यवस्था लागू होने के बाद धनबाद जिला रांची या हजारीबाग की जगह देवघर संभाग के अंतर्गत आएगा। संगठन के नए ढांचे में सबसे ऊपर प्रदेश होगा। इसके नीचे संभाग, विभाग और जिला इकाइयां काम करेंगी। अभी सबसे बड़े प्रांतीय पदाधिकारी को प्रांत प्रचारक कहा जाता है, लेकिन नई व्यवस्था में उनका पदनाम बदलकर राज्य प्रचारक किया जाएगा।
हर संभाग में होंगे तीन प्रमुख पदाधिकारी
नए संगठनात्मक ढांचे के तहत प्रत्येक संभाग में तीन प्रमुख पदाधिकारी होंगे। इनमें संभाग कार्यवाह, संभाग संचालक और संभाग प्रचारक शामिल हैं। तीनों संभागों के अंतर्गत कुल 12 विभाग बनाए जाएंगे।
संघ के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार, इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य संगठन के कामकाज को बेहतर बनाना और उसकी गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाना है। नई व्यवस्था से संगठन का संचालन अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा।
रांची, हजारीबाग और देवघर संभाग में इन जिलों को मिलेगी जगह
प्रस्तावित व्यवस्था में झारखंड के 24 जिलों को तीन संभागों में बांटा जाएगा।
1. रांची संभाग: रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा।
2. हजारीबाग संभाग: हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा, चतरा, लातेहार, पलामू और गढ़वा।
3. देवघर संभाग: धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज।
ग्रामीण और महानगर इकाइयां होंगी एक
नई व्यवस्था में जिला स्तर पर भी बदलाव किया जाएगा। अभी ग्रामीण और महानगर इकाइयां अलग-अलग काम करती हैं। प्रस्तावित ढांचे में दोनों को मिलाकर एक जिला इकाई बनाई जाएगी। इसके तहत नगर इकाइयां काम करेंगी।
जिला स्तर पर अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर संगठन की गतिविधियों को एक साथ और बेहतर तरीके से संचालित करना है।
3 दिसंबर को रांची में होगी समन्वय बैठक
संगठनात्मक बदलाव को अंतिम रूप देने के लिए 3 दिसंबर को रांची में संघ की समन्वय बैठक प्रस्तावित है। इसमें संघ के सह सरकार्यवाह आलोक जी के शामिल होने की संभावना है।
बैठक में प्रांत प्रचारक, 12 विभागों के प्रमुख और 32 आनुषंगिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं। इसमें नए ढांचे, पदों और जिम्मेदारियों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद 17 दिसंबर को संभाग स्तर के पदाधिकारियों का चयन करने की योजना है।
इंदौर की बैठक में लिया गया था फैसला
RSS के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव का फैसला 2 से 4 नवंबर तक इंदौर में हुई अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में लिया गया था। इसके तहत देशभर में मौजूदा 46 प्रांतों की जगह 85 से 90 संभाग बनाने की तैयारी है।
प्रस्तावित बदलाव मार्च 2027 तक लागू किए जा सकते हैं। संघ का उद्देश्य संगठन की गतिविधियों को छोटे क्षेत्रों और बस्तियों तक पहुंचाना है। इसी योजना के तहत झारखंड में भी प्रांत व्यवस्था की जगह प्रदेश व्यवस्था लागू करने और तीन संभाग बनाने की तैयारी की जा रही है।




