चाईबासा: दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने चक्रधरपुर रेल मंडल के जरूली से राजखरसावां रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक, स्टेशन, यार्ड, सिग्नल और टेलीकॉम व्यवस्था के साथ यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत सुबह 7:30 बजे जरूली स्टेशन से हुई। इस दौरान उनके साथ चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जीएम ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
डांगुवापोसी में नई लॉबी का उद्घाटन
निरीक्षण के दौरान जीएम डांगुवापोसी स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने स्टेशन, रेलवे यार्ड, रेल पटरी और सिग्नल व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलकर्मियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। कर्मचारियों ने कार्यस्थल की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। जीएम ने अधिकारियों को इन समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा उन्होंने नवनिर्मित टिकट काउंटर और रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया। डांगुवापोसी में नई लॉबी का उद्घाटन सीनियर लोको पायलट जी. मुर्मू ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया।
तीसरी और चौथी रेल लाइन से कम होगी ट्रेनों की देरी
ट्रेनों के विलंब से चलने के सवाल पर जीएम ने कहा कि रेल परिचालन में सुधार के लिए बुनियादी सुविधाओं का विकास जरूरी है। तीसरी और चौथी रेल लाइन का निर्माण पूरा होने के बाद ट्रेनों की आवाजाही बेहतर होगी और देरी की समस्या कम होने की उम्मीद है।
उन्होंने जनशताब्दी समेत अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। जीएम ने यह भी कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस साल रेल दुर्घटनाओं में कमी आई है। रेलवे ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव का काम लगातार किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




