पिपरवार: CCL के एनके क्षेत्र में अवैध कोयला निकासी और भंडारण के खिलाफ CISF ने सोमवार को कार्रवाई की। टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 3.05 टन कोयला जब्त किया। जब्त कोयले को वजन कराने के बाद सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया।
यह कार्रवाई कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर डिप्टी कमांडेंट दिनेश कुमार के नेतृत्व में CISF की टीम ने की।
किचटो-बिलारी रोड पर 1.70 टन कोयला बरामद
पहली छापेमारी पिपरवार के किचटो-बिलारी रोड स्थित पुलिया के पास सुबह करीब 6:40 बजे की गई। निगरानी के दौरान झाड़ियों में छिपाकर रखा गया 1.70 टन कोयला बरामद हुआ।
कोयले का वजन सीसीएल के कांटाघर संख्या 1/2 में कराया गया। इसके बाद इसे आरसीसी क्षेत्र के कोल डंप में जमा करा दिया गया।
भूतनगर बस्ती के पास भी हुई छापेमारी
दूसरी कार्रवाई केडीएच क्षेत्र के भूतनगर बस्ती के पास की गई। रेलवे रैक से कोयला उतारे जाने की सूचना मिलने पर CISF की टीम ने सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक छापेमारी की।
इस दौरान 1.35 टन कोयला जब्त किया गया। इसकी कीमत 1,525.50 रुपये आंकी गई। जब्त कोयले को केडीएच कोल डंप में जमा कराया गया।
अवैध कोयला कारोबार पर जारी रहेगी कार्रवाई
इस अभियान में निरीक्षक रश्मि, आरके सिंह, एसके साह सहित CISF के कई जवान शामिल थे।
कमांडेंट अमित कुमार ने अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखने और छापेमारी जारी रखने का निर्देश दिया है।




