रांची: राजधानी रांची में फैटी लिवर की बीमारी को लेकर लोगों को जागरूक करने और समय पर जांच की सुविधा देने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। रक्षा राज्य मंत्री और रांची सांसद संजय सेठ की पहल पर शुरू इस अभियान के तहत रांची लोकसभा क्षेत्र में लोगों की मुफ्त जांच की जाएगी। इसके लिए 2.80 करोड़ रुपये की लागत से दो अत्याधुनिक मोबाइल हेल्थ वैन तैयार की गई हैं।
सोमवार को सीसीएल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया और प्रसिद्ध लिवर विशेषज्ञ पद्मभूषण डॉ. एसके सरीन मौजूद रहे।
रांची के अलग-अलग इलाकों में पहुंचेंगी जांच वैन
अभियान के तहत दोनों स्वास्थ्य जांच वाहन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचेंगे। यहां लोगों की फैटी लिवर की मुफ्त जांच की जाएगी। इसका उद्देश्य बीमारी का शुरुआती चरण में पता लगाना और लोगों को समय पर इलाज के प्रति जागरूक करना है।
सांसद संजय सेठ ने कहा कि बदलती जीवनशैली, खानपान की गलत आदतों और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण फैटी लिवर की समस्या बढ़ रही है। कई लोगों को बीमारी का पता तब चलता है, जब स्थिति गंभीर हो जाती है। इसलिए जांच और जागरूकता दोनों जरूरी हैं।
स्वस्थ रहने के लिए दिनचर्या बदलने की जरूरत
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि केवल बीमारी का इलाज कराना ही काफी नहीं है, बल्कि उससे बचाव के लिए अपनी आदतों में सुधार करना भी जरूरी है।
उन्होंने लोगों को समय पर सोने, सही खानपान अपनाने, रोजाना पैदल चलने और साइकिल चलाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक के साथ-साथ शारीरिक गतिविधियों पर भी ध्यान देना चाहिए।
2047 तक स्वस्थ भारत बनाने का लक्ष्य
संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना विकसित भारत के साथ स्वस्थ भारत बनाने का है। इसी उद्देश्य से रांची को फैटी लिवर मुक्त बनाने की पहल की गई है।
उन्होंने बताया कि दो आधुनिक जांच वाहनों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. एसके सरीन ने बताए बचाव के तरीके
कार्यक्रम में मौजूद लिवर विशेषज्ञ डॉ. एसके सरीन ने कहा कि हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर और कैंसर जैसी बीमारियों से बचने के लिए समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली जरूरी है।
उन्होंने झारखंड के पारंपरिक खानपान को अपनाने और नियमित शारीरिक गतिविधियां करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बीमारी बढ़ने का इंतजार करने के बजाय समय पर स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार ने इस अभियान की सराहना की। उन्होंने इसे लोगों के स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़ी अच्छी पहल बताया।
इस मौके पर रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
इस अभियान के माध्यम से रांची में फैटी लिवर की शुरुआती पहचान के साथ लोगों को बेहतर खानपान और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।




