सुपौल: नीतीश कुमार के पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की तारीख 24 नवंबर को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) पूरे राज्य में ‘नीतीश संवाद एवं सुशासन दिवस’ के रूप में मनाएगा। इस मौके पर बिहार के सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के जरिए जदयू कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर पिछले 20 वर्षों में राज्य में हुए विकास कार्यों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
2005 में नीतीश कुमार ने पहली बार ली थी शपथ
पिपरा विधायक रामविलास कामत ने बताया कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसी ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जिलों, प्रखंडों और पंचायतों में लोगों से संवाद करेंगे। इस दौरान वर्ष 2005 से पहले और उसके बाद बिहार में हुए बदलावों की जानकारी दी जाएगी।
सड़क, बिजली और शिक्षा के विकास पर होगी चर्चा
कार्यक्रम में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक सुधार के क्षेत्र में हुए कामों को लोगों के सामने रखा जाएगा।
जदयू कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं की जानकारी गांव से लेकर शहर तक पहुंचाएंगे।
महिला सशक्तीकरण और बालिका शिक्षा पर रहेगा जोर
विधायक रामविलास कामत ने बताया कि कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण और बालिका शिक्षा से जुड़ी योजनाओं पर भी विशेष चर्चा होगी।
इस दौरान पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को आरक्षण, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, पोशाक योजना और जीविका के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की जानकारी दी जाएगी।
सभी जिलों में आयोजित होंगे विशेष कार्यक्रम
रामविलास कामत ने कहा कि 24 नवंबर को पूरे बिहार में कार्यक्रम उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगे।
इस मौके पर विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, जदयू जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरेकान्त झा, युगल किशोर अग्रवाल, अजय कुमार अजनबी, भूषण मंडल, योगेश कुमार कुशवाहा, ललिता जायसवाल सहित कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।




