जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सोमवार देर रात घाघीडीह सेंट्रल जेल में औचक तलाशी अभियान चलाया। उपायुक्त राजीव रंजन और एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की करीब 200 सदस्यीय टीम जेल पहुंची। लगभग दो घंटे तक चले इस अभियान में जेल के सभी वार्ड, बैरक और कोठरियों की जांच की गई। इस दौरान बीड़ी, सिगरेट, माचिस और खैनी की पुड़ियां बरामद हुईं, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
Read more : काशी के घाटों पर दिखा भक्ति का अद्भुत नजारा, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा शहर
जेल के चप्पे-चप्पे की हुई तलाशी
अचानक हुई इस कार्रवाई में सिटी एसपी, एसडीओ, डीएसपी, मजिस्ट्रेट और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे। टीम ने बंदियों के वार्डों और बैरकों के साथ जेल की रसोई, अस्पताल तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की भी जांच की। अधिकारियों ने जेल के अंदर सुरक्षा और अनुशासन की स्थिति का जायजा लिया।
CCTV और मुलाकातियों पर भी प्रशासन की नजर
तलाशी अभियान के दौरान जेल में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता जांची गई। इसके अलावा मुलाकातियों की जांच प्रक्रिया, प्रवेश और निकास द्वार तथा जेल के अंदर निगरानी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
प्रतिबंधित सामान मिलने पर किया गया जब्त
उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि अभियान में 11 मजिस्ट्रेट समेत करीब 200 अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल थे। जेल के सभी सेल की गहन जांच की गई। इस दौरान बीड़ी, सिगरेट और माचिस जैसी प्रतिबंधित वस्तुएं मिलीं, जिन्हें जब्त कर लिया गया। इसके अलावा कोई दूसरी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।
अपराध पर नियंत्रण के लिए जारी रहेगी निगरानी
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब ने बताया कि जेल के सभी वार्डों की जांच की गई। इस दौरान कुछ खैनी और उसकी पुड़ियां बरामद हुईं। उन्होंने कहा कि शहर में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। जेल में औचक जांच भी इसी निगरानी व्यवस्था का हिस्सा है। प्रशासन का उद्देश्य जेल की सुरक्षा मजबूत करना और प्रतिबंधित गतिविधियों पर रोक लगाना है।




