मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचे रजरप्पा मंदिर
रामगढ़। मैंने आज तक रजरप्पा का सिर्फ नाम ही सुना था। आज नवरात्रि के पावन अवसर पर मेरा सौभाग्य रहा कि मां छिन्नमस्तिका का दर्शन हो पाया। यहां पूजा करने की वर्षों से बड़ी तमन्ना थी। वह तमन्ना भी पूरी हो गई। यह बात शुक्रवार को रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध स्थल रजरप्पा पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कही। वे मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ यहां मां छिन्नमस्तिका का आशीर्वाद लेने आए हुए थे। शुक्रवार की दोपहर उन्होंने माता का ना सिर्फ दर्शन किया, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव में झारखंड में भाजपा के मजबूत सरकार स्थापित हो, इसका आशीर्वाद भी मांगा। हजारीबाग के सम्मेलन से भाग लेकर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री रघुवर दास एक साथ मां छिन्नमस्तिका के दरबार में पहुंचे।
माता के दरबार से आशीर्वाद लेने की परंपरा सीएम रघुवर दास की पुरानी रही है। जब भी उनका दिल करता है वह माता के दरबार में मत्था टेक लेते हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास यह मानते हैं कि मां छिन्नमस्तिका की शक्ति से उन्हें हमेशा मार्गदर्शन मिलता रहता है। जब भी कभी मन उदास होता है या फिर कोई संकट की घड़ी आ पड़ती है तो मां छिन्नमस्तिका उन्हें उन संकटों से उबारतीं है। प्रदेश के विकास में जो ऊर्जा भाजपा सरकार को चाहिए वह मां छिन्नमस्तिका से मिलती है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर रामगढ़ जिला प्रशासन ने मंदिर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। मंदिर में वीवीआईपी पूजा अर्चना को लेकर आम नागरिकों के लिए तीन घंटे तक पूजा बंद रखी गई।



