पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं जेपी गंगा पथ परियोजना के बचे हुए निर्माण कार्य तथा गंगा नदी पर निर्माणाधीन कच्ची दरगाह बिदुपुर-6 लेन ग्रीन फिल्ड पुल परियोजना के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को तेजी से निर्माण कार्य पूर्ण का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री जेपी गंगा पथ होते हुए गायघाट पहुंचे और वहां कराये जा रहे निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि जेपी गंगा पथ का गायघाट तक निर्माण कार्य जून माह तक पूर्ण हो जायेगा। नीतीश ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पटना की आबादी बढ़ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए जेपी गंगा पथ के बचे हुए निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें। गंगा नदी में गंदा पानी नहीं गिरे इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करें। गंदे पानी को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से शुद्ध करने की व्यवस्था करें।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री कच्ची दरगाह पहुंचे और गंगा नदी पर निर्माणाधीन कच्ची दरगाह -बिदुपुर 6 लेन ग्रीन फिल्ड पुल परियोजना के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से निर्माण कार्य के विभिन्न अवयवों एवं प्रगति कार्य के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कच्ची दरगाह से राघोपुर तक का निर्माण कार्य दिसम्बर- 2023 तक पूर्ण कर लिया जायेगा और बाकी बचे हुए निर्माण कार्य भी जल्द से जल्द पूर्ण कर लिए जायेंगे।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान कहा कि उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क और बेहतर करने के लिए कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल का निर्माण कराया जा रहा है। राजधानी के पूर्वी हिस्से के लोगों का आवागमन सुगम बनाने के लिए जेपी गंगा पथ से इसे जोड़ा जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस परियोजना को जल्द से जल्द पूर्ण करें। इसको लेकर सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। गंगा नदी पर इस पुल के बन जाने से लोगों को काफी सहूलियत होगी।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने आज हमलोग यहां आये हैं। हमने अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूरा कराने को लेकर निर्देश दिया है। बीच में कोरोना के कारण निर्माण कार्य में दिक्कत हुई। हमलोग चाहते हैं कि इस साल अंत या फिर अगले साल के शुरुआती एक-दो महीने में निर्माण कार्य पूर्ण हो जाय। कार्य पूरा होने से लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा होगी। जेपी गंगा पथ बनवा रहे हैं। इसी साल इसका निर्माण कार्य पूरा हो जायेगा। नालंदा से लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सबकी चिंता आपलोग मत कीजिए