अररिया। अररिया सदर अस्पताल का पैथोलॉजी विभाग अत्याधुनिक मशीनों से लैस हो गया है। जहां अब 127 प्रकार के रक्त की जांच सुविधा उपलब्ध होगी और मरीजों को अब जांच के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।थायराइड जैसी महत्वपूर्ण जांच भी सदर अस्पताल में ही संभव होगा।
यह भी पढ़े : हर बिहारी का लक्ष्य हो कि बिहार को कैसे आगे बढ़ाएं : श्रेयसी सिंह
अत्याधुनिक मशीनों के साथ अस्पताल में हॉर्मोनल टेस्ट के लिए भी मशीन लगाया गया है। मरीजों को यह जांच नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार की ओर से पीपीपी मोड पर यह सुविधा शुरू की गई है और साइंस हाउस लैब के माध्यम से जांच की जा रही है।जांच की सुविधा को जिले के सभी प्रखंडों तक पहुंचाने के लिए वहां स्पोक सेंटर बनाए गए हैं। इन केंद्र पर मरीजों के सैंपल लिए जाएंगे। इसके बाद रनर के माध्यम से सैंपल को अररिया स्थित हब सेंटर तक पहुंचाया जाएगा,जहां जांच की जाएगी। यह पूरी सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को जांच के लिए अररिया आने की परेशानी भी कम होगी।
सदर अस्पताल में अब 30 से अधिक प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध है। अस्पताल प्रबंधन अगले माह तक इसे बढ़ाकर करीब 70 प्रकार के ऑपरेशन करने की तैयारी में है। वर्तमान में करीब 25 प्रकार के ऑपरेशन नियमित रूप से किए जा रहे हैं। इनमें ईएनटी, नेत्र और सामान्य सर्जरी के साथ गॉल ब्लैडर स्टोन, हाइड्रोसील, हर्निया और प्रसव संबंधी ऑपरेशन शामिल है। ऑर्थो विभाग में टेनोटॉमी और क्लब फुट जैसे ऑपरेशन भी शुरू किए गए हैं।
सदर अस्पताल में इस अगस्त महीने में अब तक करीब 300 सफल ऑपरेशन किया गया है। अस्पताल प्रशासन का उद्देश्य है कि मरीजों को सरकारी अस्पताल में ही बेहतर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है। ताकि उन्हें निजी अस्पतालों में अधिक खर्च न करना पड़े। जानकारी अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार और डीपीएम संतोष कुमार के साथ सिविल सर्जन डॉ के.के.कश्यप ने दी।



