Ranchi: परमहंस डॉ. सदानंद जी महाराज के पावन सानिध्य एवं श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में रांची के पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवाधाम के श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी एवं मनोहारी सजावट से भव्य रूप प्रदान किया गया है।
महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने संयुक्त रूप से बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मंदिर में विशेष तैयारियां की गई हैं। भगवान श्री राधा-कृष्ण के लिए वृंदावन से विशेष रूप से जड़ित आभूषणों से सुसज्जित आकर्षक वस्त्र मंगाए गए हैं।
यह भी पढ़े : बेंगलुरु पहुंचे सम्राट चौधरी और संजय सरावगी, ‘बिहार महोत्सव’ में होंगे शामिल
मंदिर में भगवान का भव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।जन्माष्टमी महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण कोलकाता से आने वाली कलाकारों की विशेष नृत्य-नाटिका टीम होगी। कलाकार भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण की प्रेम एवं भक्ति, कंस वध तथा भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य चरित्र पर आधारित मनोहारी नृत्य-नाटिका प्रस्तुत करेंगे। भक्ति, संगीत और नृत्य के माध्यम से श्रीकृष्ण की लीलाओं का जीवंत चित्रण श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराएगा।
मंदिर परिसर में भव्य झूलन भी सजाया गया है, जिसमें लड्डू गोपाल विराजमान होंगे। विभिन्न रंगों के आकर्षक एवं मनोहारी वस्त्रों में सुसज्जित अनेक लड्डू गोपाल झूलन की शोभा बढ़ाएंगे। श्रद्धालु भगवान के बाल स्वरूप के दर्शन कर झूलन उत्सव का आनंद ले सकेंगे। महोत्सव के क्रम में प्रातः 5:30 बजे मंगला आरती, 9 बजे श्रृंगार आरती तथा 11 बजे भगवान को थाल भोग अर्पित किया जाएगा।
संध्या 4 बजे से श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन होंगे तथा 6 बजे संध्या आरती संपन्न होगी। इसके बाद रात्रि 7 बजे से भजन गायक मनीष सोनी एवं कोलकाता से आए जागरण मंडली के कलाकारों द्वारा भक्तिमय भजन, संकीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जो मध्यरात्रि तक चलेगा।मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पावन अवसर पर विशेष आरती, जयघोष एवं जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। पूरा मंदिर परिसर नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की जैसे भक्तिमय जयघोष से गूंज उठेगा। प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने सभी श्रद्धालुओं, भक्तजनों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पुण्य एवं आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करने का आग्रह किया।



