रामगढ़। रामगढ़ सदर अस्पताल में शॉर्ट सर्किट की वजह से गुरुवार की देर रात आग लग गई। अगलगी की सूचना बाहर आते ही वहां मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में अफ़रा-तफ़री मच गई। लोग अपने मरीजों को बचाने के लिए सदर अस्पताल परिसर से बाहर निकलने लगे। दरअसल सदर अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में शॉर्ट सर्किट की वजह से एक एसी ब्लास्ट कर गया। साथ ही ऑपरेशन थिएटर में आग और धुआं देखकर अस्पताल परिसर में मौजूद लोग बेचैन हो उठे। आनन-फानन में अस्पताल के कर्मचारियों ने अग्निशमन दल को फोन किया और आग पर काबू पाने की कोशिश की।
यह भी पढ़े : दिव्यांग अभ्यर्थी सदानंद कुमार की नियुक्ति की अनुशंसा 12 सप्ताह में करे जेपीएससी : हाई कोर्ट
सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि ऑपरेशन थिएटर में गर्मी की वजह से लगातार एसी चल रहा था। इसी दौरान एसी हिट होने की वजह से उसके अंदर शॉर्ट सर्किट हुआ। सबसे अच्छी बात यह रही कि आग बाहर नहीं फैली और उसपर समय रहते काबू पर पा लिया गया। उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल में चार और ऑपरेशन थिएटर हैं, जिसमें मरीजों का ऑपरेशन हो रहा है। फिलहाल जिस ऑपरेशन थिएटर में अगलगी की घटना हुई थी, उसे नों फंग्शनल रखा गया है। उस कमरे की वायरिंग और अन्य तकनीकी चीजों की जांच करने के बाद उसे शुरू किया जाएगा। हालांकि इस घटना से सदर अस्पताल में चिकित्सीय सेवा प्रभावित नहीं हुई है।




