किशनगंज: बिहार के किशनगंज जिले को करीब 681 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में आयोजित कार्यक्रम से इन योजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण खगड़ा स्थित शहीद अशफाक उल्लाह खां स्टेडियम में किया गया।
इन योजनाओं से जिले में सड़क, बिजली, शिक्षा और पेयजल की सुविधाओं में सुधार होगा।
602 करोड़ की लागत से बनी सड़क का उद्घाटन
कार्यक्रम में सबसे महत्वपूर्ण बायसी-बहादुरगंज-दिघलबैंक राज्य उच्च पथ संख्या-99 (SH-99) का उद्घाटन किया गया। बिहार राज्य पथ परियोजना-III के तहत 602.24 करोड़ रुपये की लागत से 65.350 किलोमीटर लंबी सड़क का उन्नयन और चौड़ीकरण किया गया है।
इसमें किशनगंज जिले की 33.315 किलोमीटर और पूर्णिया जिले की 32.035 किलोमीटर सड़क शामिल है। सड़क पर दो बड़े पुल, नौ छोटे पुल और 145 पुलियों का निर्माण एवं सुधार किया गया है।
इससे बहादुरगंज, कोचाधामन और दिघलबैंक सहित आसपास के इलाकों में आवागमन आसान होगा। साथ ही भारत-नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
तीन नए बिजली उपकेंद्रों का उद्घाटन
जिले में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए तीन 33/11 केवी बिजली उपकेंद्रों का भी उद्घाटन किया गया।
इनमें बहादुरगंज प्रखंड के लौचा (तेघरिया), पोठिया प्रखंड के निमलगांव (डामलबाड़ी) और किशनगंज प्रखंड के खगड़ा (महेशबथना) स्थित उपकेंद्र शामिल हैं।
इनके शुरू होने से संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की क्षमता और गुणवत्ता बेहतर होगी।
53.72 करोड़ से पेयजल परियोजना का शिलान्यास
किशनगंज शहरी जलापूर्ति परियोजना फेज-III का 53.72 करोड़ रुपये की लागत से शिलान्यास किया गया। इस परियोजना के पूरा होने पर शहर के 3,892 परिवारों को 24 घंटे पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
स्कूल भवन का उद्घाटन, 11 परिवारों को मिली आवास की चाबी
ठाकुरगंज प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय राजागांव के नए और उन्नत भवन का भी उद्घाटन किया गया। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी।
वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 11 लाभुकों को नए घरों में गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम में अधिकारी और आम लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




