धनबाद: जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने स्कूल वाहनों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। डीसी आदित्य रंजन के निर्देश पर गुरुवार को बरवाअड्डा ईस्ट स्थित हेरिटेज पब्लिक स्कूल में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 12 स्कूल वाहनों के दस्तावेज और जरूरी मानकों में गड़बड़ी मिलने पर कुल 1 लाख 6 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
12 स्कूल वाहनों के कागजात में मिली गड़बड़ी
डीटीओ दिवाकर सी. द्विवेदी के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में एमवीआई अभय कुमार ने स्कूल वाहनों की जांच की। टीम ने वाहनों के जरूरी कागजात, फिटनेस प्रमाणपत्र और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की। जांच के दौरान 12 वाहनों के दस्तावेज अपडेट नहीं पाए गए। इसके बाद मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत सभी संबंधित वाहनों पर कार्रवाई की गई।
वाहन मालिकों और चालकों को दिए निर्देश
जांच के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने वाहन मालिकों और चालकों को सभी जरूरी कागजात जल्द से जल्द दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्हें यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्कूल वाहनों में सभी जरूरी दस्तावेज और सुरक्षा मानकों का पूरा होना अनिवार्य है।
जांच अभियान में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस विशेष अभियान में जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अमरेश कुमार, मुकुल कुमार और देवेंद्र कुमार शामिल रहे। परिवहन विभाग की ओर से स्कूल वाहनों की जांच और नियमों के पालन को लेकर अभियान जारी रखा जाएगा।




