रांची। रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हाराटांड़ में पैसों को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि 32 वर्षीय कमल साहू का अपने पिता गोविंद साहू से पिछले कई दिनों से पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार को पिता-पुत्र के बीच पैसे के विवाद के कारण जमकर कहासुनी हुई। इसी बीच गुस्से में आकर कमल ने घर में रखे कुदाल से अपने पिता गोविंद साहू पर तबाड़तोड़ कई वार कर दिए। इस हमले में पिता गोविंद साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़े : झारखंड में अप्रैल में जनवरी जैसा मौसम, 09 को 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट
स्थानीय लोगों ने बताया कि कमल साहू जुआ खेलने का आदी था। वह अक्सर जुए में पैसे हार जाता और फिर अपने पिता से पैसे की मांग किया करता था। इसी बीच कमल की बहन के पास कुछ पैसे आये थे, जिसपर कमल की नजर थी। चुकी पैसे कमल के पिता के पास ही रखे गए थे, उन्हीं पैसे की मांग को लेकर कमल अपने पिता से लगातार झगड़ता था। बुधवार को मामला इतना बढ़ा की कमल ने अपने पिता की हत्या ही कर दी।
इस संबंध में हटिया के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रमोद मिश्रा ने बताया कि हत्या करने के बाद आरोपित कमल फरार होने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसके पिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल कर रही है।


