Ranchi: रांची और लोहरदगा के बीच ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले करीब ढाई महीने से प्रभावित रांची–लोहरदगा रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन जल्द सामान्य होने की उम्मीद है। भारतीय रेलवे के अधिकारियों के अनुसार कोयल नदी पर बने रेलवे पुल की मरम्मत का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है और मार्च माह के अंत तक इस मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन फिर से बहाल कर दिया जाएगा।
रेलवे ने सुरक्षा कारणों से इस रेलखंड पर लोहरदगा और टोरी के बीच ट्रेन परिचालन को अस्थायी रूप से रोक दिया था। पुल के पिलरों में दरार मिलने के बाद यह निर्णय लिया गया था, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। इसके कारण कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है और यात्रा समय भी बढ़ गया है।


