कोडरमा। जिले के सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोरथडीह गांव में बुधवार को करमा पूजा के बाद करम डाली विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया।
यह भी पढ़ें- एसआईआर: मतदाता सूची में दावा-आपत्ति के लिए अब सात दिन शेष
छोटनर नदी के किनारे करम डाली विसर्जन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं पर अचानक भंवरों के झुंड ने हमला बोल दिया। इस घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। भंवरों के इस हमले में छोटे बच्चों और महिलाओं समेत एक दर्जन से अधिक लोग बुरी तरह घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छोटनर नदी तट पर स्थित एक पेड़ पर भंवरों का छत्ता लगा हुआ था। विसर्जन की पूजा अर्चना के दौरान अचानक भंवरों का झुंड बिफर गया और वहां मौजूद लोगों पर टूट पड़ा। भंवरों के काटने से उत्पन्न तीखे दर्द के कारण एक बच्ची मौके पर ही बेहोश हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां ले जाया गया जहां उनका इलाज जारी है। भंवरों के हमले में घायल होने वालों में इंदु कुमारी (19), निशु कुमारी (15) , नीतू कुमारी (16 ),सृष्टि भारती (8 ), अंगद कुमार (7 ),सिद्धार्थ कुमार (3 ), प्रियांशु कुमारी (12 ), सुहानी कुमारी (9 ), अंजली कुमारी (25 ), विकास कुमार (4 ), आर्यन कुमार (11 ), उत्कर्ष कुमार लगभग (4) का नाम शामिल है। सभी मनोरथडीह गांव के निवासी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बासोडीह पंचायत की मुखिया अनीता देवी और सामाजिक कार्यकर्ता राजेश यादव तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल चाल लिया तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेश राम से मिलकर सभी घायलों के बेहतर इलाज और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। फिलहाल सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है।



