खूंटी। जूनियर महिला हॉकी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली विनीमा धान और रोशनी आइंद तथा एशिया कप अंडर-18 में कांस्य पदक जीतने वाली नीलम तोपनो को शुक्रवार को तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने सम्मानित किया। विधायक के आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में तीनों खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
यह भी पढ़ें : भनगांव के जंगल में मिला हथिनी का शव, मौत की वजह बनी रहस्य
विधायक ने कहा कि तीनों खिलाड़ियों ने मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर तोरपा विधानसभा क्षेत्र के साथ खूंटी और झारखंड का नाम राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रशिक्षण, नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं के दौरान आने वाली चुनौतियों की जानकारी भी ली।
खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन के लिए फिटनेस, आधुनिक खेल सामग्री, बेहतर मैदान, पौष्टिक आहार और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संसाधन और बेहतर प्रशिक्षण मिलने पर क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं।
विधायक ने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि खूंटी और तोरपा में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत इन प्रतिभाओं को उचित मंच, संसाधन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।


