पटना। बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से राज्य में आम लोगों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क ईसीजी जांच की सुविधा का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इस पहल के तहत हृदय संबंधी संभावित समस्याओं की समय पर पहचान कर मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। अप्रैल 2025 से 26 सितंबर 2026 तक राज्य में कुल 11.43 लाख ईसीजी जांच की जा चुकी हैं।
यह भी पढ़ें : सेवा संकल्प अभियान: पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भागलपुर में जुटी भाजपा
स्वास्थ्य विभाग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, राज्य में निःशुल्क ईसीजी जांच की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। सरकारी अस्पतालों में ईसीजी जांच कराने वाले मरीजों को करीब 10 मिनट के भीतर जांच रिपोर्ट तकनीकी व्याख्या के साथ उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इससे मरीजों को जांच के परिणाम के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ता है।
हर तिमाही बढ़ती गई ईसीजी जांच की संख्या
आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से जून 2025 के दौरान राज्य में 15,086 ईसीजी जांच हुई थीं। जुलाई से सितंबर 2025 के बीच यह संख्या बढ़कर 57,440 हो गई। अक्टूबर से दिसंबर 2025 के दौरान 1,43,943 ईसीजी जांच की गईं। इसके बाद जनवरी से मार्च 2026 की तिमाही में 2,57,605 ईसीजी जांच दर्ज की गईं।
वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून 2026 के दौरान 3,11,903 ईसीजी जांच की गईं। वहीं जुलाई 2026 से 26 सितंबर 2026 तक 3,57,928 ईसीजी जांच दर्ज की गई हैं। विभाग के आंकड़ों में जांच की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दिखाई दे रही है।
606 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मुफ्त सुविधा
वर्तमान में जिला अस्पताल से लेकर प्रखंड स्तर तक कुल 606 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क ईसीजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें जिला अस्पताल (डीएच), अनुमंडलीय अस्पताल (एसडीएच), रेफरल अस्पताल (आरएच), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) शामिल हैं।
प्रखंड और स्थानीय स्तर तक ईसीजी जांच की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में ही जांच कराने का अवसर मिल रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी इस आवश्यक जांच के लिए दूर के अस्पतालों या निजी स्वास्थ्य संस्थानों का रुख करने की जरूरत कम हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, निःशुल्क ईसीजी सेवा के विस्तार से शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिल रहा है। स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों के समय और यात्रा खर्च की बचत के साथ आवश्यक जांच समय पर कराने में मदद मिल रही है।
प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना लक्ष्य : स्वास्थ्य मंत्री
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की यह पहल ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में मरीजों को उनके नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे हृदय संबंधी संभावित समस्याओं की समय पर जांच और पहचान में सहायता मिल रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को राज्य के प्रत्येक नागरिक तक आसानी से, समय पर और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है। निःशुल्क ईसीजी जांच की बढ़ती पहुंच इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध जांच सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।


