किशनगंज। जिले के वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों समेत सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभुकों के लिए राहत भरी खबर है। शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की। इसके तहत किशनगंज जिले के 1,56,171 लाभुकों के खातों में सितंबर 2026 की पेंशन के रूप में कुल 18 करोड़ 35 लाख 49 हजार 400 रुपये भेजे गए। प्रत्येक लाभुक को 1100 रुपये की दर से पेंशन दी गई है। इस अवसर पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुआ।
किशनगंज में मुख्य कार्यक्रम समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में हुआ, जहां अधिकारियों और लाभुकों ने कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। राज्य सरकार के अनुसार, बिहार के कुल 1,08,36,005 सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभुकों के बैंक खातों में सितंबर माह के लिए 1100 रुपये प्रति लाभुक की दर से कुल 12,374 करोड़ 75 लाख 55 हजार 200 रुपये हस्तांतरित किए गए। सरकार की इस पहल से वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों सहित समाज के कमजोर वर्गों को आर्थिक सहायता मिलेगी। कार्यक्रम की शुरुआत वरीय उप समाहर्ता-सह-सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, श्रीति कुमारी ने की। उन्होंने पेंशन योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रत्येक महीने की 10 तारीख को लाभुकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि भेजी जाएगी।
इससे लाभुकों को नियमित आर्थिक सहायता मिलने में सहूलियत होगी। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन जरूरतमंदों को आर्थिक संबल देने के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने में मदद करती है। जिला प्रशासन ने वैसे लाभुकों से जल्द जीवन प्रमाणीकरण और आधार सीडिंग कराने की अपील की है, जिन्होंने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इससे पेंशन राशि का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा कोषांग के पदाधिकारी-कर्मी और बड़ी संख्या में पेंशन लाभुक उपस्थित रहे।


