खूंटी। कर्रा प्रखंड क्षेत्र में कई जंगली हाथियों के झुंड के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उड़ीकेल पंचायत के ईंटे बगीचा क्षेत्र में हाथियों का झुंड पिछले करीब 30 घंटे से जमा है। हालांकि, अब तक हाथियों ने किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया है, लेकिन गारी और नगड़ा गांव के किसानों के खेतों में लगी धान की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया है। इससे किसानों को फसल नुकसान की चिंता सताने लगी है।
यह भी पढ़े : धान की खरीददारी की तैयारी के लिए मंत्री ने विभाग को दिया निर्देश
करीब एक दर्जन हाथियों के क्षेत्र में होने की सूचना मिलने के बाद कर्रा वन क्षेत्र पदाधिकारी राकेश कुमार ने क्षेत्र का भ्रमण कर हाथियों की गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल हाथियों का झुंड गारी और नगड़ा गांव के बीच जंगल में मौजूद है। उन्होंने ग्रामीणों से हाथियों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों को घरों में हंडिया, दारू या अन्य मादक पदार्थ न रखने की सलाह देते हुए कहा कि शराब की गंध हाथियों को आकर्षित कर सकती है।
इधर, ग्रामीण हाथियों को गांव की ओर आने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं। जिला परिषद सदस्य जोरोंग आईंद और उड़ीकेल मुखिया क्षत्रि हेमरोम ने भी ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों को परेशान नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हाथियों को जबरन भगाने के बजाय उनके निकलने के लिए सुरक्षित रास्ता देना जरूरी है।
जोरोंग आईंद ने प्रशासन और वन विभाग से ग्रामीणों के बीच टॉर्च, मशाल और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। कर्रा और रनिया वन क्षेत्र के वनपाल एवं वनकर्मी लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। वन विभाग का प्रयास है कि हाथियों के झुंड को सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्र से दूर पहुंचाया जाए। वन विभाग और पंचायत प्रतिनिधि स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।


