![](https://swadeshtoday.com/wp-content/uploads/2024/06/Revised-AIPDM-WEB-BANNER-02-scaled.jpg)
खूंटी। कस्तूरबा गांधी विद्यालय खूंटी की 17 बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा जेईई मेन 2025 में सफलता प्राप्त की है। जिला प्रशासन की ओर से संचालित संपूर्ण शिक्षा कवच अभियान की यह बड़ी उपलब्धि है। सफलता प्राप्त करने वाली छात्राओं में महिमा कुमारी, दिव्या कुमारी, गुंजा कुमारी, जांबी टूटी, प्रमिला टूटी, आरती कुमारी, ईशा कुमारी, आकांक्षा कुमारी, लीला कुमारी, जयंती कुमारी, प्रियांशी कुमारी, प्रियंका कुमारी, अंजनी उरांव, आरती संगा, ललिता पूर्ति, अमिका कुमारी, अनंत कुमारी, अंता कुमारी और अर्चना कुमारी शामिल हैं।
यह भी पढ़े : रांची में तापमान औसत से अधिक, रूलाएगी गर्मी
![](https://swadeshtoday.com/wp-content/uploads/2024/06/Revised-AIPDM-WEB-BANNER-01.jpg)
इस उपलब्धि पर उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने सभी छात्राओं को बधाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना देते हुए कहा कि छात्राओं ने सिद्ध कर दिया कि सही मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह हमारे जिले के लिए गर्व का क्षण है। इन 17 छात्राओं ने साबित कर दिया कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद यदि उचित मार्गदर्शन और समर्थन मिले, तो ग्रामीण क्षेत्र की छात्राएं भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। यह उपलब्धि न केवल छात्राओं की मेहनत का परिणाम है, बल्कि सम्पूर्ण शिक्षा कवच अभियान के तहत शिक्षकों और जिला प्रशासन द्वारा किए गए सतत प्रयासों की भी पुष्टि करती है। हम आगे भी इसी तरह छात्रों के समग्र सहयोग के लिए प्रयासरत रहेंगे।
सम्पूर्ण शिक्षा कवच अभियान के तहत छात्राओं को 24 घंटे साताें दिन डिजिटल शिक्षा सहायता, व्यक्तिगत मार्गदर्शन और मॉडल टेस्ट श्रृंखला के माध्यम से तैयारी कराई गई। इस अभिनव पहल से न केवल जेईई मेन परीक्षा में सफलता मिली, बल्कि यह आगे भी छात्राओं को आइआइटी और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश के लिए प्रेरित करेगा।