RANCHI : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग झारखंड सरकार अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में शामिल झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव पूरे देश में बढ़ाया है।
हरियाणा के भिवानी स्थित भीम स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय स्कूली एथलेटिक्स में झारखंड की खिलाड़ी शिवानी कुमारी ने 400 मीटर हर्डल्स में बेहतरीन तालमेल, गति और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए 1:01.85 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक अपने नाम किया।
इसी क्रम में अरुणाचल प्रदेश के इटानगर स्थित खेलो इंडिया इंडोर स्टेडियम में आयोजित स्कूली ताइक्वांडो प्रतियोगिता में झारखंड की श्रेया कुमारी ने अंडर–17 बालिका वर्ग के 68 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। श्रेया ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए पहले बिहार को 2-0, फिर कर्नाटक को 2-0 और उसके बाद तेलंगाना को 2-1 से पराजित कर सेमीफाइनल तक दमदार प्रवेश किया, जहाँ कड़े संघर्ष में सीबीएसई की खिलाड़ी से 1-2 से पराजित होकर उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल कौशल का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो झारखंड की खेल प्रतिभा के उज्ज्वल भविष्य का संदेश देता है।
दोनों खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, झारखंड राज्य ताइक्वांडो संघ के कार्यकारी अध्यक्ष गोपाल कुमार, महासचिव संजय शर्मा, उपाध्यक्ष मिथलेश कुमार सिंह, टीम कोच प्रवीर राय व चंदन कुमार, टीम मैनेजर मो. जावेद अंसारी, तथा एथलेटिक्स कोच प्रेम कुमार, नरेश कुमार, ज्ञान प्रकाश, सिद्धू किस्कू, मैनेजर हिमाद्री, नीरज कुमार एवं राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




