गोड्डा: ललमटिया क्षेत्र अंतर्गत स्थित तालझरी माइंस में मंगलवार शाम लगभग 7:30 बजे आरएस-16 केबल चोरी करने का एक संगठित प्रयास सुरक्षा बलों की सतर्कता से विफल हो गया। जानकारी के अनुसार 40 से 45 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने मौके पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (Central Industrial Security Force) के जवानों को घेरते हुए केबल काटकर ले जाने की कोशिश की।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT-3) में तैनात जवान पवन कुमार ने असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। आत्मरक्षा एवं भीड़ को तितर-बितर करने के उद्देश्य से उन्होंने एक राउंड हवाई फायर किया। फायरिंग की आवाज सुनते ही सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। सूत्रों के अनुसार बदमाशों के पास धारदार एवं अन्य खतरनाक हथियार भी मौजूद थे, जिससे किसी बड़ी घटना की आशंका थी।
यह भी पढ़े : झारखंड में मौसम का बदलेगा मिजाज, शनिवार से आंशिक बादल छाने के आसार
घटनास्थल की तलाशी के दौरान एक घोड़ा, एक ट्राइसाइकिल तथा केबल ढोने में प्रयुक्त रस्सियां बरामद की गईं। वहीं घटना के दौरान बोलेरो वाहन संख्या JH17E7581 के आगे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी सीआईएसएफ जवान या अन्य व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई।
उल्लेखनीय है कि उक्त स्थल पर सीआईएसएफ की स्थायी तैनाती नहीं है। QRT-3 द्वारा पूरे माइंस क्षेत्र में लगातार गश्त की जाती है, जिसके कारण समय रहते इस बड़ी वारदात को टाल दिया गया। सख्त निगरानी, नियमित छापेमारी के बाद भी अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्व नए तरीके अपना रहे हैं, जिनमें केबल चोरी का प्रयास भी शामिल है।
सीआईएसएफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर बड़ी घटना टल गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।


