DHANBAD : तेज बारिश के बीच केंदुआ में धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पर एक बार फिर भू-धंसान (गोफ) होने का मामला शुक्रवार को प्रकाश में आया है।
पहले से बने गोफ के बगल में नया गोफ बन गया है, जिसमें बारिश का पानी तेजी से समा रहा है। इसके चलते गोफ का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है और सड़क पूरी तरह खतरे की जद में आ गई है। प्रशासन ने एहतियातन मुख्य मार्ग को दोनों ओर से बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है और लोगों में दहशत का माहौल है।
लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पिछले 15 दिनों से यह सड़क बंद है और यातायात को डायवर्ट किया गया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी जिला प्रशासन और बीसीसीएल पर लापरवाही का आरोप लगाया है। भाजपा विधायक राज सिन्हा, भाकपा माले के अरुप चटर्जी और आजसू नेता मंटू महतो समेत कई संगठनों ने सड़क की मरम्मत और सुरक्षा की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को भी इसी स्थान पर सड़क धंस गई थी। इससे पहले 31 नवंबर की रात भूमिगत खदान में विस्फोट के बाद जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का रिसाव शुरू हुआ था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है। बीसीसीएल की ओर से स्थिति नियंत्रित करने के प्रयास पूरी तरह सफल नहीं हो सके हैं।
बीसीसीएल प्रबंधन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण भू-धंसान का खतरा और बढ़ सकता है। प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।




