पूर्वी सिंहभूम। कोवाली थाना क्षेत्र के नारदा पंचायत स्थित कुंदरूकोचा गांव में सोमवार सुबह जंगल किनारे महुआ चुनने गई एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला की गांव के ही एक युवक ने लाठी और पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी।
यह भी पढ़े : दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने तीन सड़कों का किया उद्घाटन
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, कुंदरूकोचा गांव निवासी बुस्की मुर्मू रोजाना की तरह सोमवार सुबह गांव के समीप जंगल क्षेत्र में महुआ चुनने गई थीं। इसी दौरान गांव का ही राम सरदार वहां पहुंचा और अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपित ने पहले लाठी से वार किया और फिर पत्थरों से लगातार हमला करता रहा। गंभीर चोट लगने के कारण बुस्की मुर्मू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। वृद्ध महिला की हत्या से नाराज लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपित राम सरदार को पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस को सूचना देकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया।
सूचना मिलने पर कोवाली थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। वहीं, ग्रामीणों की पिटाई में घायल आरोपित को भी पुलिस सुरक्षा में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में आरोपित राम सरदार के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




