कोडरमा: कोडरमा थाना क्षेत्र में एक प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले में सोमवार देर रात हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब युवती को बरामद करने पहुंची पुलिस टीम के सामने उसने दुपट्टे में छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया और खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने लगी। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर सखी सेंटर कोडरमा भेज दिया। जानकारी के अनुसार जयनगर थाना क्षेत्र के चेहाल पंचायत अंतर्गत चंद्रपुर गांव निवासी सकलदेव यादव ने 10 जुलाई को जयनगर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री को चंदवारा थाना क्षेत्र के गारागड़गी गांव निवासी राहुल दास बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार दोनों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि युवक और युवती गारागड़गी गांव पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने युवती से वाहन में बैठकर थाना चलने को कहा, लेकिन तभी उसने दुपट्टे में छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया और चेतावनी दी कि यदि किसी ने उसे परेशान किया तो वह खुद को नुकसान पहुंचा लेगी। युवती के इस कदम से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। थाना प्रभारी विकास कुमार एवं महिला पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए युवती को शांत कराया और सुरक्षित वाहन में बैठाकर रात में ही सखी सेंटर कोडरमा भेज दिया।
थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि युवती को सुरक्षित बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है। वहीं, इस मामले में नामजद युवक राहुल दास फिलहाल फरार बताया जा रहा है जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।




