रांची: एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप 2026 के रांची चरण का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में ग्रुप-सी के उद्घाटन मुकाबले में जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका आर्मी की डिफेंडर एफसी आमने-सामने थीं। रांची चरण में ग्रुप-सी के कुल सात मुकाबले खेले जाएंगे, जिसकी शुरुआत शानदार माहौल और उत्साह के बीच हुई।
उद्घाटन मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने डिफेंडर एफसी को हराया
उद्घाटन मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डिफेंडर एफसी (श्रीलंका आर्मी) को 5-0 से करारी शिकस्त दी। मैच के दौरान जमशेदपुर एफसी के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की और टूर्नामेंट का विजयी आगाज किया।
रांची अब फुटबॉल का भी बड़ा केंद्र बन रहा है
झारखंड सरकार के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान हजारों फुटबॉल प्रेमियों की मौजूदगी ने यह साबित कर दिया कि रांची अब केवल क्रिकेट और हॉकी ही नहीं, बल्कि फुटबॉल का भी बड़ा केंद्र बनता जा रहा है।
मैच को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्टेडियम में प्रवेश केवल जीरो टिकट के माध्यम से दिया गया। प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा जांच के बाद ही दर्शकों को अंदर जाने की अनुमति मिली। पुलिस, प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही, जिससे दर्शकों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
भारतीय सेना के जवानों ने शानदार प्रदर्शन किया
उद्घाटन समारोह ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। भारतीय सेना के जवानों ने अपनी अनुशासन, साहस और शौर्य का शानदार प्रदर्शन किया। हेलीकॉप्टर शो, जेट शो और सैन्य करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मैदान में प्रस्तुत किए गए देशभक्ति कार्यक्रमों ने पूरे स्टेडियम का माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों और जवानों का उत्साह बढ़ाया।
पूरा स्टेडियम उत्साह खेल भावना से सराबोर नजर आया
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहा। झारखंड की पारंपरिक लोक संस्कृति, नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने स्थानीय कला और संस्कृति की झलक पेश की। इसके साथ ही पंजाबी गीतों और ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूरा स्टेडियम उत्साह, उमंग और खेल भावना से सराबोर नजर आया।
मैच देखने पहुंचे दर्शकों ने कहा कि रांची में पहले क्रिकेट और हॉकी के बड़े आयोजन देखे हैं, लेकिन अब फुटबॉल को लेकर भी लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि स्टेडियम की सुविधाएं, सुरक्षा और दर्शकों के लिए की गई व्यवस्थाएं काफी बेहतर हैं।
झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी जयकुमार सिन्हा ने भी आयोजन की तारीफ करते हुए कहा कि पूरे कार्यक्रम की व्यवस्थाएं बेहद शानदार और सुव्यवस्थित हैं। उन्होंने कहा कि यदि मैच के दौरान लाइव कमेंटेटर की व्यवस्था भी होती तो दर्शकों का अनुभव और अधिक यादगार बन सकता था।
झारखंड में फुटबॉल को नई पहचान मिलेगी
डूरंड कप के रांची चरण की शुरुआत जिस भव्यता और उत्साह के साथ हुई है, उससे आने वाले मुकाबलों को लेकर फुटबॉल प्रेमियों का उत्साह और भी बढ़ गया है। खेल प्रेमियों का मानना है कि इस तरह के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन झारखंड में फुटबॉल संस्कृति को नई पहचान देंगे और राज्य के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलेगी।



