रांची: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिसंबर के पहले सप्ताह में झारखंड दौरे पर आ सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने लातेहार जिले के ग्रामीणों और ग्राम प्रधानों को उनके प्रस्तावित दौरे की जानकारी दी। वे गुरुवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत मनिका पंचायत के पोखरी गांव में आयोजित ग्राम चौपाल और लातेहार प्रखंड के परसही पंचायत में ग्राम प्रधानों के साथ बैठक में शामिल हुए।
ग्राम चौपाल में पढ़कर सुनाई गई मतदाता सूची
मनिका पंचायत के पोखरी गांव में आयोजित ग्राम चौपाल में संबंधित बूथ के BLO और ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान मतदाता सूची की ड्राफ्ट कॉपी पढ़कर सुनाई गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने ग्रामीणों से मतदाता सूची में नाम और अन्य जानकारियों को लेकर बातचीत की।
उन्होंने ग्रामीणों को SIR प्रक्रिया के बारे में बताया। साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और अपने मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखने की जानकारी दी।
बोले, हर पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी
केशव महतो कमलेश ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। किसी भी व्यक्ति को उसके मतदान के संवैधानिक अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लोगों का जागरूक होना और इसमें भागीदारी निभाना जरूरी है। इसके लिए ग्रामीणों को मतदाता सूची की जांच करनी चाहिए और किसी तरह की गड़बड़ी होने पर समय रहते सुधार कराना चाहिए।
ग्राम प्रधानों के साथ भी की बैठक
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत केशव महतो कमलेश ने लातेहार प्रखंड के परसही पंचायत में ग्राम प्रधानों के साथ बैठक की। इस दौरान मतदाता सूची, SIR प्रक्रिया और मतदान के अधिकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने ग्रामीणों और ग्राम प्रधानों से लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
इसी दौरान उन्होंने राहुल गांधी के दिसंबर के पहले सप्ताह में संभावित झारखंड दौरे की जानकारी भी दी। हालांकि, दौरे की आधिकारिक तारीख और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।




