रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन में देश की पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी तथा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय सीताराम केसरी की जयंती मनाई गई। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
इंदिरा गांधी के योगदान को किया याद
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने इंदिरा गांधी के राजनीतिक जीवन और देश के लिए उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि पूरी दुनिया इंदिरा गांधी को नारी शक्ति और मजबूत नेतृत्व के प्रतीक के रूप में जानती है। बैंकों का राष्ट्रीयकरण और देश की एकता व अखंडता को मजबूत करने के लिए उनके फैसलों को हमेशा याद किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि भुवनेश्वर की सभा में इंदिरा गांधी ने कहा था, “मैं रहूं या न रहूं, मेरा एक-एक कतरा देश के काम आएगा।” उनका यह कथन आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है।
सीताराम केसरी के राजनीतिक योगदान को किया याद
इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय सीताराम केसरी के जीवन और राजनीतिक योगदान पर भी चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि पार्टी और देश के लिए उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। कांग्रेसजनों ने दोनों नेताओं के बताए रास्ते पर चलने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राकेश सिन्हा, कुमार गौरव, के.के. गिरि, राजन वर्मा, ज्योति सिंह मथारू, उमेश चौधरी, मनोज सहाय पिंकू, नेली नाथन, जगदीश साहू, सुरेन राम, जितेन्द्र त्रिवेदी, कमल ठाकुर, निशांत प्रकाश जायसवाल, राजू राम, जगन्नाथ साहू, नरेन्द्र लाल गोपी, अवधनारायण प्रसाद, संजय कुमार, वीरेन्द्र विक्रम, फरहान आलम, प्रभात कुमार, फिरोज रिजवी, अनीशा तिर्की, अनिता टोप्पो और रामानंद केसरी समेत कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।




