मिहिजाम। जामताड़ा जिले के मिहिजाम निवासी हिंदी शिक्षक और साहित्यकार डॉ. अरुण कुमार वर्मा ने लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) के मंच पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें महानायक अमिताभ बच्चन के सामने अपनी साहित्यिक पुस्तक ‘मधुशाला फिर से’ की चुनिंदा रूबाइयों का पाठ करने का अवसर मिला।
इस खास मौके पर डॉ. वर्मा ने अमिताभ बच्चन को अपनी पुस्तक ‘मधुशाला फिर से’ भेंट की। अमिताभ बच्चन ने पुस्तक पर अपना हस्ताक्षर भी किया। यह पल डॉ. वर्मा के लिए बेहद यादगार बन गया।
डॉ. वर्मा ने बताया कि केबीसी की शूटिंग 28 सितंबर 2026 को मुंबई की फिल्म सिटी में हुई थी। इसका प्रसारण 5 अक्टूबर को सोनी एंटरटेनमेंट चैनल पर किया गया। अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने उन्हें अपनी पुस्तक भेंट की थी।
‘मधुशाला फिर से’ की रचना
डॉ. अरुण कुमार वर्मा ने महान साहित्यकार डॉ. हरिवंश राय बच्चन की प्रसिद्ध रचना ‘मधुशाला’ से प्रेरित होकर ‘मधुशाला फिर से’ पुस्तक लिखी है। उनकी रचनाओं का पाठ मॉरीशस और फिजी में आयोजित विश्व हिंदी सम्मेलनों के साथ-साथ इंडोनेशिया, इंग्लैंड और रूस में भी हो चुका है।
सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय
डॉ. वर्मा मिहिजाम स्थित आरके प्लस टू उच्च विद्यालय में हिंदी शिक्षक हैं। साहित्य लेखन के साथ वे सड़क सुरक्षा, मतदाता जागरूकता, बाल विवाह उन्मूलन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक अभियानों में भी सक्रिय रहते हैं।
उनकी प्रमुख पुस्तकों में ‘रजनी आमंत्रण’ और ‘डॉ. हरिवंश राय बच्चन और हालावाद : एक अध्ययन’ शामिल हैं।
केबीसी के मंच पर अमिताभ बच्चन को अपनी पुस्तक भेंट करने और उनका हस्ताक्षर प्राप्त करने की उपलब्धि से मिहिजाम और जामताड़ा जिले के साहित्य प्रेमियों में खुशी है। लोगों ने इसे पूरे जिले के लिए गर्व की बात बताया है।




