जामताड़ा: जिले में रक्तदान को बढ़ावा देने और जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुस्कान हॉस्पिटल, बुधुडीह पोसोई में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, डॉक्टरों, अस्पताल के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया।
यह भी पढ़ें : CM योगी ने रामलला और हनुमानगढ़ी में किए दर्शन, अयोध्या-जनकपुर ट्रेन को मिलेगी हरी झंडी
यह शिविर ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. निलेश कुमार के निर्देश पर आयोजित किया गया। अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग किया।
रक्तदान से बचाई जा सकती है किसी की जान
मौके पर ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियन लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज की जान बचा सकता है।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन और अन्य आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को रक्त की जरूरत पड़ती है। ऐसे में रक्तदाताओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है।
युवाओं से नियमित रक्तदान करने की अपील
लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि शिविर में मुस्कान हॉस्पिटल के डॉक्टरों और कर्मचारियों का अच्छा सहयोग मिला। युवाओं में रक्तदान के प्रति बढ़ती जागरूकता समाज के लिए सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि रक्तदान को केवल एक दिन का कार्यक्रम न समझें, बल्कि इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी बनाएं और नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आएं।
इस मौके पर डॉ. शिव कुमार, ब्लड बैंक लैब टेक्नीशियन आकाश कुमार पंडित, सुरेश सोरेन और मुस्कान हॉस्पिटल के निदेशक सद्दाम अंसारी समेत कई लोग मौजूद रहे।
इस शिविर के माध्यम से लोगों ने जरूरतमंद मरीजों की मदद करने और समाज में मानवता व आपसी सहयोग का संदेश दिया।




