रांची: झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार के क्षेत्र में अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने कल्याण विभाग और प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से प्रशिक्षण पाने वाले 3,044 युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपे हैं। इनमें करीब 500 युवाओं को दुबई और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में काम करने का मौका मिला है।
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार युवाओं को हुनरमंद बनाने और रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीक के अनुसार नए कौशल सीखने की अपील की।
Read more : जामताड़ा में धूमधाम से मना झारखंड स्थापना दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
युवाओं को मिलेगी AI की ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का महत्व और बढ़ेगा। इसे देखते हुए सरकार युवाओं को AI की ट्रेनिंग देने की तैयारी कर रही है। इसके लिए IIT मद्रास और प्रेझा फाउंडेशन के साथ समझौता किया गया है।
वहीं, TVS ग्रुप के साथ भी करार हुआ है, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
15 युवाओं की पायलट ट्रेनिंग का खर्च उठाएगी सरकार
हेमंत सोरेन ने बताया कि सरकार 15 चयनित युवाओं की कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग का खर्च उठा रही है। इसके अलावा एयर होस्टेस ट्रेनिंग शुरू करने की भी तैयारी है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के खनन प्रभावित जिलों के युवाओं को खनन, स्टील और पावर सेक्टर में रोजगार के लिए प्रशिक्षित किया जाना चाहिए।
गिरिडीह की पूनम सेमीकंडक्टर उद्योग में कर रहीं काम
प्रेझा फाउंडेशन के अध्यक्ष टी.वी. नरेंद्रन ने वीडियो संदेश के जरिए युवाओं की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने गिरिडीह की पूनम कुमारी का उदाहरण दिया, जो सेमीकंडक्टर चिप उद्योग में काम कर रही हैं। उन्हें एडवांस ट्रेनिंग के लिए मलेशिया भी भेजा गया था।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में एक हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को नौकरी मिली है।
विदेश में पढ़ाई के लिए सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया भी होंगे शामिल
कल्याण विभाग के सचिव कृपा नंद झा ने बताया कि मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत लाभुकों की संख्या 25 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है।
फिलहाल इस योजना के तहत विद्यार्थियों को इंग्लैंड और नॉर्थ आयरलैंड में उच्च शिक्षा का मौका मिल रहा है। अब इसमें सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया को भी शामिल करने की तैयारी है।
इसके अलावा राज्य के सभी कल्याण हॉस्टलों में विद्यार्थियों को मुफ्त भोजन देने की व्यवस्था भी जल्द शुरू होगी।
34 प्रशिक्षण संस्थानों से युवाओं को मिला रोजगार
राज्य में प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से कुल 34 प्रशिक्षण संस्थान चलाए जा रहे हैं। इनमें 25 कल्याण गुरुकुल, 8 नर्सिंग कॉलेज और एक ITI कॉलेज शामिल हैं।
इन संस्थानों से प्रशिक्षित युवाओं का आंकड़ा इस प्रकार है:
- 2,014 युवा कल्याण गुरुकुल से प्रशिक्षित।
- 746 युवा नर्सिंग कॉलेज से प्रशिक्षित।
- 284 युवा ITI कॉलेज से प्रशिक्षित।
इन युवाओं को मैक्स हेल्थ केयर, TVS सप्लाई चेन, वोल्टास दुबई समेत कई कंपनियों और संस्थानों में नौकरी मिली है।
दुमका में जल्द शुरू होगा आवासीय नर्सिंग कॉलेज
दुमका में बनकर तैयार आवासीय नर्सिंग कॉलेज को भी जल्द शुरू करने की तैयारी है। इससे राज्य में नर्सिंग की पढ़ाई और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री चमरा लिंडा और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन जुड़े युवाओं से बातचीत की और उनके अनुभव भी सुने।




