धनबाद: जिले में विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए सोमवार को समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आदित्य रंजन ने की। इसमें सड़क निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, बिजली और पेयजल से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी विकास कार्य समय पर पूरा करने और काम में आ रही समस्याओं को जल्द दूर करने का निर्देश दिया।
सड़क निर्माण और चौड़ीकरण के कार्यों की हुई समीक्षा
बैठक में रानी रोड, ब्रह्मांडिह-करियो रोड, बिनोद बिहारी चौक से पॉलिटेक्निक रोड और सर्किट हाउस रोड के निर्माण एवं चौड़ीकरण पर चर्चा हुई।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
बेलगड़िया में जल्द बनेगा बिजली सबस्टेशन
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बेलगड़िया टाउनशिप में विद्युत सबस्टेशन का निर्माण जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिजली से जुड़ी योजनाओं को समय पर पूरा करना जरूरी है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।
अधिकारियों को आपसी तालमेल से काम करने का निर्देश
DC ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने को कहा। उन्होंने लंबित योजनाओं की बाधाओं को जल्द दूर करने और जरूरी विकास कार्यों का प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं होगी: DC
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिले में चल रही विकास योजनाओं में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग तय समय सीमा के अंदर काम पूरा करें, ताकि आम लोगों को सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में कई अधिकारी और अभियंता रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, डीएफओ श्वेताब सुमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अभियंता, संवेदक और पीएमयू के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




