लखनऊ। लखनऊ के ईको गार्डन में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को लेकर पिछले 85 दिनों से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह से मुलाकात की। पांच कालिदास मार्ग स्थित उनके आवास पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराया और न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति के आदेशों की प्रतियां भी सौंपीं।
Read more : RSS की प्रदेश व्यवस्था में आएंगे तीन संभाग, जिला इकाइयों की जिम्मेदारियां भी बदलेंगी
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी पिछले 85 दिनों से न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्रियों, कैबिनेट मंत्रियों, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और एनडीए के सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर ज्ञापन दिया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
आशुतोष वर्मा ने बताया कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रकरण को विस्तार से समझने और उस पर चर्चा करने के लिए अभ्यर्थियों को दिल्ली आने का समय दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठकर पूरे मामले पर विस्तार से बातचीत की जाएगी और समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रयास किया जाएगा। अभ्यर्थियों ने रक्षामंत्री से आग्रह किया कि यह मामला मुख्यमंत्री स्तर पर हल हो सकता है इसलिए प्रदेश सरकार से हस्तक्षेप कराकर जल्द न्याय दिलाया जाए। अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि पिछड़ा वर्ग आयोगों और विधान परिषद की समिति के आदेशों का अनुपालन करते हुए ओबीसी वर्ग को आरक्षण का लाभ दिया जाए, परिणाम में संशोधन कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए तथा आरक्षण विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल नवीन चौधरी ने कहा कि जब तक हम अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिलता और उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।




