वाराणसी। धर्मनगरी काशी में बुधवार को भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्री काशी विश्वनाथ धाम से शुरू हुई इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। नौ दिवसीय रामायण महायज्ञ के समापन के बाद श्रीराम दरबार की प्रतिमाओं को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लक्ष्मीकुंड में विसर्जित किया गया।
श्री रामचरितमानस नवाह्न पाठ महायज्ञ समिति की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को नौ दिवसीय महायज्ञ का समापन हुआ था। इसके बाद बुधवार को भू-देवों ने श्रीराम दरबार की प्रतिमाओं का पूजन किया और उन्हें दक्षिणा देकर विदाई दी।
फूलों से सजे वाहन पर निकली शोभायात्रा
श्रीराम दरबार की प्रतिमाओं को स्वदेशी फूलों से सजाए गए वाहन पर विराजमान किया गया। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सबसे आगे समिति का बैनर चल रहा था। पीछे बैंड-बाजे की धुन पर रामधुन गूंज रही थी।
इस दौरान 108 भू-देव हाथों में धार्मिक पुस्तकें लेकर शोभायात्रा में शामिल हुए। पूरा रास्ता जय श्रीराम के जयकारों से भक्तिमय हो गया।
इन रास्तों से होकर पहुंची शोभायात्रा
शोभायात्रा श्री काशी विश्वनाथ धाम से शुरू होकर बांसफाटक, गोदौलिया और गिरजाघर होते हुए लक्सा स्थित वार्ड संख्या 90 के लक्ष्मीकुंड पहुंची। यहां धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ श्रीराम दरबार की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं में बांटा प्रसाद
विसर्जन से पहले समिति के अध्यक्ष कौशल शर्मा, महामंत्री अजय खेमका, प्रचार मंत्री सुरेश तुल्स्यान सहित अन्य सदस्यों ने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद भगवान को भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में रघुदेव अग्रवाल, अशोक सराफ, विश्वनाथ पोद्दार, महेंद्र शर्मा, राहुल शर्मा, राधेश्याम मिश्रा, विवेक जायसवाल, कृष्ण कुमार काबरा और सतीश जायसवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।




