धनबाद। धनबाद जिला समाहरणालय में पुलिस का आधुनिक रिकॉर्ड रूम बनकर तैयार हो गया है। बुधवार को बोकारो रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने इसका उद्घाटन किया। इस सुविधा के शुरू होने से पुलिस को पुराने मामलों से जुड़े दस्तावेज खोजने और सुरक्षित रखने में आसानी होगी।
उद्घाटन के बाद IG ने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में रिकॉर्ड रूम की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आपराधिक मामलों की जांच, उनके निष्पादन और विभागीय कामकाज में पुराने दस्तावेज काफी उपयोगी होते हैं।
पुराने दस्तावेज आसानी से मिलेंगे
IG शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुराने और महत्वपूर्ण अभिलेखों को सुरक्षित रखना जरूरी है। आधुनिक रिकॉर्ड रूम बनने से दस्तावेज व्यवस्थित तरीके से रखे जा सकेंगे और जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि एसएसपी प्रभात कुमार की पहल और प्रयास से धनबाद पुलिस के रिकॉर्ड रूम को आधुनिक बनाया गया है। फिलहाल झारखंड में इस तरह की आधुनिक सुविधा धनबाद में उपलब्ध कराई गई है।
पुलिस की कार्यप्रणाली में आएगा सुधार
IG ने उम्मीद जताई कि आधुनिक रिकॉर्ड रूम से धनबाद पुलिस के कामकाज में तेजी आएगी और पुराने मामलों से संबंधित जानकारी जुटाने में समय की बचत होगी। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली और बेहतर होगी।
कई अधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस याकूब मोहम्मद सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।




