रांची : झारखंड में पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा का नार्को टेस्ट कराने की मांग की है। उन्होंने पत्रकार की गिरफ्तारी को लोकतंत्र और मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला बताया है।
बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सिमडेगा की एक आदिवासी नाबालिग लड़की से जुड़े मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को गिरफ्तार करना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने पूछा कि जब विधायक के खिलाफ गंभीर आरोप लगे हैं, तो मामले की निष्पक्ष जांच करने के बजाय पत्रकार पर कार्रवाई क्यों की गई?
मरांडी ने कहा कि अगर सरकार वास्तव में मामले की सच्चाई सामने लाना चाहती है, तो कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए। इससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की इस कार्रवाई से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल उठाने वालों की आवाज दबाने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
अपहरण और दबाव बनाकर बयान दिलाने का आरोप
इस मामले में सिमडेगा पुलिस के अनुसार, विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली नाबालिग किशोरी के दादा ने पाकरटांड़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में दिलीप तिर्की और पत्रकार अभिषेक भारती पर किशोरी का अपहरण करने और दबाव डालकर विधायक के खिलाफ झूठा बयान दिलवाने का आरोप लगाया गया है।
दो आरोपितों की गिरफ्तारी
पुलिस ने इस मामले में पहले दिलीप तिर्की को रांची के जोन्हा जंगल से गिरफ्तार किया था। वहीं, दूसरे नामजद आरोपित पत्रकार अभिषेक भारती को बुधवार रात जमशेदपुर के बिष्टुपुर से गिरफ्तार किया गया।
सिमडेगा पुलिस के मीडिया सेल की ओर से जारी जानकारी में गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है। वहीं, पत्रकार की गिरफ्तारी को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।





