पटना। बिहार में दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। वर्ष 2030 तक राज्य में प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल बिहार में रोजाना करीब 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। गुरुवार को पटना के बापू सभागार में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी जानकारी दी।
Read more : भूषण बाड़ा मामले में निष्पक्ष जांच की मांग, बाबूलाल मरांडी ने उठाया पत्रकार की गिरफ्तारी का मुद्दा
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने डेयरी क्षेत्र से जुड़ी कई योजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें दूध संग्रहण और डेटा प्रोसेसिंग इकाइयों का वितरण, पटना और मुजफ्फरपुर में मिनरल मिक्सचर प्लांट तथा समस्तीपुर में एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि बिहार में डेयरी उद्योग लगातार आगे बढ़ रहा है। सुधा और कॉम्फेड की पहचान देश के साथ विदेशों में भी बन रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार हर संभव सहयोग कर रही है। सुधा के माध्यम से बकरी के दूध के संग्रहण और बिक्री को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए प्रतिदिन एक लाख लीटर दूध का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि पशुपालन के काम में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पशु सखी तैयार की जा रही हैं। ये पशुपालकों को जरूरी जानकारी और सहायता उपलब्ध कराएंगी। इससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और नियमित आमदनी का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि डेयरी क्षेत्र किसानों की आमदनी बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। सरकार पशुपालन और डेयरी विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार को दूध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के साथ देश के प्रमुख दुग्ध उत्पादक राज्यों में शामिल करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश का दूध उत्पादन लगभग दोगुना हुआ है। भारत दुनिया के कुल दूध उत्पादन में करीब 25 प्रतिशत योगदान दे रहा है।
उन्होंने बताया कि सुधा ने असम में प्रतिदिन एक लाख लीटर क्षमता का प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया है। आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल में भी इतनी ही क्षमता का प्लांट शुरू किया जाएगा। इससे बिहार के दूध उत्पादकों को दूसरे राज्यों में भी बाजार मिलेगा और उनकी आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।





