रांची। संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार को झारखंड कांग्रेस ने राजधानी रांची में संविधान रक्षा मार्च का आयोजन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस मार्च में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता, नेता और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
मार्च की शुरुआत डोरंडा स्थित पुराने हाईकोर्ट के पास बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सभी को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा की शपथ ली।
संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का दिया संदेश
मार्च का नेतृत्व प्रदेश प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने किया। इस दौरान सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी और अवनीश काजला समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने संविधान में दिए गए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की सुरक्षा पर जोर दिया।
वोट के अधिकार पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि संविधान देश के गरीबों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करता है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल पढ़ने की चीज नहीं है, बल्कि इसके मूल्यों को व्यवहार में उतारना जरूरी है।
उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए। के. राजू ने कहा कि मतदाता सूची से पात्र लोगों के नाम हटाए जाने की आशंकाओं को गंभीरता से लेना चाहिए। हर नागरिक का वोट सुरक्षित रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी के किसी भी प्रयास का विरोध करेगी।
मशाल और तिरंगे के साथ निकला मार्च
सभा के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डोरंडा से भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा तक मार्च निकाला। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह हाथ में मशाल लेकर मार्च में शामिल हुईं। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा और संविधान की रक्षा से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां ले रखी थीं।
मार्च के दौरान संविधान बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ, वोट की चोरी नहीं चलेगी और लोकतंत्र की रक्षा करेंगे जैसे नारे लगाए गए।
कई मंत्री और वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद कालीचरण मुंडा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, धीरज साहू, आलमगीर आलम, बंधु तिर्की, बन्ना गुप्ता और अंबा प्रसाद समेत कई नेता शामिल हुए।
इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, जिला और प्रखंड अध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश की एकता, अखंडता, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी आगे भी अपनी आवाज उठाती रहेगी।





