रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को विधानसभा में गोड्डा के दिव्यांग छात्र मोहम्मद फैजानुल्लाह ने मुलाकात की। फैजानुल्लाह सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित हैं। वह दांतों से पेन पकड़कर मुंह की मदद से लिखते हैं। इसी तरह पढ़ाई और परीक्षा पूरी कर उन्होंने जैक मैट्रिक परीक्षा-2026 में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
मोहम्मद फैजानुल्लाह का नामांकन यूएचएस शिवाजीनगर, गोड्डा में है। उनकी इस उपलब्धि की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात की और उनके हौसले तथा मेहनत की सराहना की।
Read more : झारखंड कांग्रेस ने निकाला विशाल संविधान रक्षा मार्च, के. राजू और केशव महतो कमलेश रहे शामिल
फैजानुल्लाह के जज्बे को सीएम ने किया सलाम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्र की दृढ़ इच्छाशक्ति और शिक्षा के प्रति लगन की प्रशंसा की। उन्होंने फैजानुल्लाह को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि फैजानुल्लाह की सफलता झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है।
समावेशी शिक्षा से मिली सफलता
फैजानुल्लाह की पढ़ाई झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के तहत होम बेस्ड एजुकेशन (HBE) के माध्यम से हुई है। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से मैट्रिक परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल किए।
उनकी यह उपलब्धि दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति समर्पण का उदाहरण है।
मंत्रियों और विधायकों की रही मौजूदगी
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे। फैजानुल्लाह की सफलता की सभी ने सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





