जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष डीपी शुक्ला के नेतृत्व में सैकड़ों रोजगार सेवकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट श्वेता गुप्ता को सौंपा।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा विधानसभा का घेराव
जिलाध्यक्ष डीपी शुक्ला ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक पिछले 20 वर्षों से ग्राम पंचायतों में काम कर रहे हैं। वे सरकार की ओर से सौंपे गए कार्यों को पूरा करने के साथ मनरेगा और वीबी-जी राम जी के तहत ग्रामीण मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 3 दिसंबर को विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
मानदेय 24 हजार रुपये करने की मांग
प्रदर्शन कर रहे रोजगार सेवकों ने अपना मानदेय बढ़ाकर कम से कम 24 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की। इसके साथ ही मानदेय भुगतान के लिए अलग बजट की व्यवस्था करने की भी मांग उठाई।
कैशलेस इलाज और एचआर पॉलिसी लागू करने की मांग
रोजगार सेवकों ने अपने और परिवार के सदस्यों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कर्मचारियों के हित में एचआर पॉलिसी लागू करने की भी मांग रखी।
ग्राम विकास सहायक नाम करने की उठाई मांग
ज्ञापन में ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम विकास विभाग के सभी कार्यों को रोजगार सेवकों के जॉब चार्ट में शामिल करने और उनके पद का नाम बदलकर ‘ग्राम विकास सहायक’ करने की मांग भी की गई।
बड़ी संख्या में रोजगार सेवक रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान तेज प्रताप सिंह, ठा. बृजेश सिंह, डॉ. श्याम शंकर मिश्र, रचित कपूर, विमल दूबे, पुष्पा गौतम, जम्पकाश शुक्ला, जम्त शुक्ला, दीन दयाल यादव और निशा नाथ सहित बड़ी संख्या में रोजगार सेवक मौजूद रहे।
Read more : CM योगी का बड़ा ऐलान, 10 दिन में 50 हजार युवाओं को मिलेगा नियुक्ति पत्र





