नई दिल्ली: महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महिला आरक्षण से जुड़े नए परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी गई। माना जा रहा है कि सरकार अगले सप्ताह शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इस विधेयक को पेश कर सकती है।
कैबिनेट की बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में हुई। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने विधेयक में कुछ बदलाव भी किए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिसीमन के बाद किसी राज्य का लोकसभा में प्रतिनिधित्व दूसरे राज्यों की तुलना में कम न हो। सरकार की कोशिश है कि विशेष सत्र के दौरान ही विधेयक को संसद से पारित कराया जाए।
Read more : 2050 तक झारखंड को विकसित राज्य बनाने का संकल्प, राज्यपाल ने किया आह्वान
शिवसेना शिंदे गुट ने सांसदों को जारी किया व्हिप
संसद के विशेष सत्र को देखते हुए शिवसेना के शिंदे गुट ने अपने सभी सांसदों को व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद में मौजूद रहने का निर्देश दिया है।
परिसीमन पर बीआरएस ने रखी शर्त
तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने परिसीमन को लेकर सशर्त समर्थन देने की बात कही है। पार्टी नेता रावुला श्रीधर ने कहा कि अगर केंद्र सरकार सभी राज्यों के हितों और दक्षिण भारत की राजनीतिक हिस्सेदारी का ध्यान रखती है, तो उनकी पार्टी इस प्रक्रिया का समर्थन करेगी।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में दक्षिणी राज्यों की मौजूदा 24 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रहनी चाहिए। जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को परिसीमन के कारण राजनीतिक नुकसान नहीं होना चाहिए।
कपिल सिब्बल ने भाजपा पर साधा निशाना
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने परिसीमन के मुद्दे पर भाजपा की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के जरिए अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाना चाहती है। सिब्बल ने कहा कि अगर ऐसा होता है, तो देश के लोकतंत्र को नुकसान पहुंच सकता है।
अब सबकी नजर संसद के विशेष सत्र पर है, जहां महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े इस विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है।





