वाराणसी: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को अपने वाराणसी दौरे पर पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महापौर अशोक तिवारी, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच उनका काफिला शहर के लिए रवाना हुआ।
उपराष्ट्रपति नमोघाट पर आयोजित काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
12 दिसंबर तक चलेगा काशी तमिल संगमम
काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस बार कार्यक्रम की थीम तमिल के प्राचीन ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ की शिक्षाओं पर आधारित है।
इस आयोजन में तमिलनाडु से सात समूहों में कुल 1750 प्रतिनिधि वाराणसी पहुंचेंगे। इनमें से 200 प्रतिनिधियों का पहला समूह शुक्रवार रात विशेष ट्रेन से वाराणसी पहुंच चुका है। बाकी प्रतिनिधि भी अलग-अलग समूहों में आएंगे।
विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षा से जोड़ने की तैयारी
इस बार काशी तमिल संगमम में विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए तमिलनाडु से हिंदी जानने वाले 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश आएंगे। ये शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के विद्यार्थियों को इस प्राचीन ग्रंथ की जानकारी देंगे।
इसके अलावा देशभर के करीब 1000 शैक्षणिक संस्थानों के एक-एक विद्यार्थी अपनी भाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेंगे और इसकी शिक्षाओं को दूसरे विद्यार्थियों तक पहुंचाएंगे।
बीएचयू और आईआईटी-बीएचयू निभाएंगे अहम भूमिका
काशी तमिल संगमम के आयोजन में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और आईआईटी-बीएचयू प्रमुख शैक्षणिक साझेदार हैं। 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक बीएचयू परिसर में विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इन सत्रों में तमिलनाडु से आने वाले सात समूहों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। यहां विभिन्न विषयों पर चर्चा, संवाद और ज्ञान का आदान-प्रदान किया जाएगा।
मेहमानों को परोसे जाएंगे दक्षिण भारतीय व्यंजन
तमिलनाडु से आने वाले प्रतिनिधियों के खानपान के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। मेहमानों को इडली, सांभर, नारियल की चटनी, उपमा, रसम, लेमन राइस और दही-चावल जैसे पारंपरिक दक्षिण भारतीय व्यंजन परोसे जाएंगे।
खास बात यह है कि इन व्यंजनों को बनाने के लिए तमिलनाडु से रसोइये, मसाले और अन्य जरूरी सामग्री मंगाई जाएगी।
वाराणसी के साथ प्रयागराज और अयोध्या भी जाएंगे प्रतिनिधि
काशी तमिल संगमम में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों को वाराणसी के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें प्रयागराज और अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों को देखने का मौका मिलेगा।
बीएचयू में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का भी उद्घाटन करेंगे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीएचयू के भारत कला भवन में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का भी उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए कला और संस्कृति से जुड़े आयोजनों को बढ़ावा देने की तैयारी है।





