कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डोमचांच थाना क्षेत्र के कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर रायडीह मोड़ के पास हाइवा और ऑटो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
आमने-सामने की टक्कर में ऑटो के उड़े परखच्चे
जानकारी के अनुसार, हाइवा (जेएच 10 सीक्यू 2093) नवलशाही से डोमचांच की ओर जा रहा था। वहीं, ऑटो (जेएच 02 बीएक्स 8155) डोमचांच से नवलशाही की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रायडीह मोड़ के पास दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ऑटो सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया।
Read more : काशी तमिल संगमम के 5वें संस्करण का आज आगाज, वाराणसी पहुंचे उपराष्ट्रपति
मृतकों की हुई पहचान, चालक रिम्स रेफर
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित नूरी मस्जिद निवासी अकबर अली और डोमचांच के फुलवरिया स्थित रामनगर निवासी 55 वर्षीय जीवन मेहता उर्फ मंगरू मेहता के रूप में हुई है।
वहीं, घायल ऑटो चालक सलीम तिलैया थाना क्षेत्र के भादोडीह का रहने वाला है। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया है।
दो लोगों की मौत से भड़का लोगों का गुस्सा, सड़क जाम
हादसे में दो लोगों की मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास शुरू किया। वहीं, दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





