गुमला। जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के कुगांव निवासी जोगेश लोहरा ने अपनी पत्नी बसंती देवी और अपने तीन वर्षीय सौतेले पुत्र लाला लोहरा की मंगलवार को गला दबा कर हत्या कर दी। काफी देर बाद ग्रामीणों के माध्यम से पुलिस को घटना की जानकारी मिली और मौके पर पहुंच कर पुलिस ने जोगेश को गिरफ्तार कर गुमला जेल भेज दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच में जुट गयी।
जानकारी के अनुसार जोगेश नशा करता था। जोगेश के नशा करने के कारण ही उसकी पहली पत्नी उसे छोड़ कर चली गयी थी। जोगेश पालकोट प्रखंड के कोटनशेरा गांव में पत्थर तोड़ने का काम करता था। एक साल पहले उसने साथ काम करनेवाली बसंती के साथ शादी कर ली। बसंती का पहले से दो साल का बेटा लाला लोहरा था। कुछ दिनों तक दोनों के बीच सबकुछ ठीक रहा, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद होने लगा। इसी दौरान जोगेश और बसंती गुमला में किराये का मकान लेकर साथ रहने लगे। बताया जाता है कि सोमवार को जोगेश और बसंती के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद जोगेश वहां से अपने गांव कुगांव आ गया था। शाम तक बसंती भी अपने बच्चे को लेकर कुगांव पहुंच गयी। मंगलवार दोपहर में खाना खाने के बाद नदी में नहाने के लिए तीनों लोग गये। वहां पर किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद बसंती व लाला की गला दबा कर जुगेश ने हत्या कर दी।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



